हम सभी समाज का हिस्सा है,रक्तदान करना सबसे बड़ी जनसेवा है – एसडीएम प्रियंका मिमरोट… दिवंगत गोस्वामी की स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर में एसडीएम सहित महिलाओं ने भी किया रक्तदान..
हम सभी समाज का हिस्सा है, ऐसे आयोजनों में हम सबकीए सहभागीता हो तभी आयोजन करने की मंशा सफल होगी। रक्तदान करना सबसे बड़ी जनसेवा है, जो परेशानियों के बीच रोगी के लिए खुशी का संचार करती है। महंत मोहनगिरी गोस्वामी की पुण्यतिथि पर प्रेस क्लब कड़ोदकलां का प्रयास सराहनीय है। जिसने मुझे भी जनसेवा के इस कार्य में सम्मिलित होकर रक्तदान करने का अवसर दिया। हमें हमारे स्वास्थ्य को लेकर भी जागरूक होना बहुत जरूरी है। ऐसे शिविरों का लाभ ले हम स्वस्थ हैं तो ही सुरक्षित है। स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही ना बरते। उक्त बातें तहसील पत्रकार संघ बदनावर के संस्थापक अध्यक्ष दिवंगत पत्रकार महंत मोहनगिरी गोस्वामी की 9 वी पुण्यतिथि पर प्रेस क्लब कड़ोदकलां द्वारा ग्राम कड़ोदकलां में आयोजित रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर में मुख्य अतिथि एसडीएम बदनावर प्रियंका मिमरोट ने उपस्थित ग्रामीणों के बीच कही। अध्यक्षता धार जिला पत्रकार संघ अध्यक्ष पं. छोटू शास्त्री, विशिष्ट अतिथि किराना व्यापारी संघ अध्यक्ष नागदा राजेन्द्र बोकड़िया, विशेष अतिथि वरिष्ठ पत्रकार पुरूषोत्तम शर्मा, जर्नलिस्ट यूनियन आफ मध्यप्रदेश धार जिला अध्यक्ष शंकरलाल मारू, तहसील पत्रकार संघ अध्यक्ष बदनावर गोवर्धन सिंह डोडिया मंचासीन थे। अतिथियों द्वारा मां सरस्वती व स्व. मोहनगिरी गोस्वामी के चित्र पर दीप प्रज्वलित व माल्यार्पण किया।

मंचासीन अतिथियों का प्रेस क्लब अध्यक्ष राहुल बैरागी, दिनेश रघुवंशी, मनोहरसिंह चावड़ा, जगदीश चौधरी,कृष्णा मारू, आदित्य धाकड़, बन्टीसिंह चौहान, सुरेन्द्र डोड, अशोक सोलंकी, पंकज गुजराती, नरेन्द्र जैन, खेमचंद जायसवाल,शंकरलाल राठौड़, जितेन्द्र भाटी, प्रेस क्लब दसई अध्यक्ष नयन लववंशी, विजय द्विवेदी, राहुल चौहान, कन्हैयालाल धाकड़ व क्लब सदस्यो ने पुष्प माला पहनाकर स्वागत किया। स्वागत उदबोधन गोवर्धनसिंह डोडिया ने देते हुए मोहनगिरी गोस्वामी की पत्रकारिता पर प्रकाश डाला। आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं द्वारा 75 यूनिट रक्तदान दिया गया। वहीं सैकड़ो ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में शामिल होकर शुगर, बीपी, इसीजी की निःशुल्क सुविधा का लाभ लिया। शिविर में जिला भोज चिकित्सालय रक्तकोष धार डॉ आई पी सोलंकी एवं जेटीपी सरदार पटेल हास्पिटल बदनावर के डॉ महेश शर्मा, प्रियंका प्रजापति, जितेंद्र जाट, सरदार पटेल अस्पताल प्रबंधक शांतिलाल जाट व चिकित्सकों का विशेष सहयोग रहा। जिन्हें अतिथियों द्वारा शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं शिविर में शामिल रक्तदाताओं को अतिथियों द्वारा सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया। अध्यक्षता कर रहे पं. शास्त्री ने कहा कि मोहनगिरी गोस्वामी की पत्रकारिता दुखी के चेहरो पर खुशी लाने वाली रही है। आज हम सबको गर्व है कि उनकी स्मृति में यह अच्छा आयोजन किया जा रहा है। जिसमें हमें शामिल होने का मौका मिला। जीवन में सबसे बड़ा दान रक्तदान है। रक्तदान कर हम दूसरों का जीवन बचाने का कार्य करते है। यह पुनित कार्य आगे भी होता रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि राजेन्द्र बोकड़िया ने कहा कि कठिन दौर की पत्रकारिता के बीच मोहनगिरी जी ने ग्रामीण पत्रकारिता को हमेशा पहचान दिलाई। उनकी स्मृति में यह आयोजन जिसमें रक्तदान औरो की जिन्दगी को संवारने का कार्य करेगा। प्रेस क्लब द्वारा मंचासीन अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किया। शिविर प्रारंभ से पूर्व अतिथियों द्वारा महंत मोहनगिरी गोस्वामी की समाधि एवं वीर शिरोमणी महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया। आयोजित कार्यक्रम का संचालन अनवर मंसुरी ने किया व आभार दिनेश रघुवंशी ने माना। *इन्होंने भी किया रक्तदान -* प्रेस क्लब द्वारा आयोजित रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर में बतौर मुख्य अतिथि पहुंची बदनावर एसडीएम प्रियंका मिमरोट ने आयोजन स्थल पर प्रवेश करते ही प्रारंभ में रक्तचाप की जांच करवाई। साथ ही रक्तदान परिसर में अवलोकन पश्चात स्वयं ने भी रक्तदान किया। 75 यूनिट रक्तदान में एसडीएम सहित अनेक महिलाओं ने भी रक्तदान में सहभागिता की। आयोजन में पहुंचे अनेक पत्रकारों, ग्रामीणजन, युवाओं सहित दिवंगत गोस्वामी के परिजनों ने भी रक्तदान किया।